
अंचल कार्यालय पर भाकपा-माले व खेग्रामस का धरना, दलित बस्तियों में उजाड़ पर रोक व बासगीत पर्चा की उठी मांग।
दरभंगा: भाकपा-माले और अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के राज्यव्यापी आह्वान पर बुधवार को बहादुरपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय पर आक्रोशपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया।

आंदोलन का नेतृत्व खेग्रामस के प्रखंड अध्यक्ष हरि पासवान और भाकपा-माले प्रखंड सचिव विनोद सिंह ने संयुक्त रूप से किया।प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मांगों के समर्थन में धरना दिया।
धरना सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि दलित बस्तियों में बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उजाड़ने की कार्रवाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मांग की कि जिन दलित परिवारों को हटाया जा रहा है, उन्हें पहले विधिवत बासगीत पर्चा दिया जाए, ताकि वे सुरक्षित रूप से आवास का निर्माण कर सकें।नेताओं ने यह भी कहा कि मनरेगा योजना का नाम बदलना गलत है और इसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से ही संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मजदूरों को अब तक घर बनाने के लिए जमीन का पर्चा नहीं मिला है, जिसके कारण वे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
सभा को खेग्रामस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य देवेन्द्र कुमार, जिला परिषद सदस्य सुमित्रा देवी, कैलाश पासवान, हरिश्चंद्र पासवान, मो. शमशेर, अनरूद पासवान, सवरी देवी, सुनीता देवी, दुर्गा देवी, रामकुमार यादव, गोविन्द यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

