
अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी से लूटे नगद एवं लाखों के जेवरात।
दरभंगा: जिले में लूटपाट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पुलिस मामले का उदभेदन करने में तत्परता नहीं दिखा पा रही है। इसी क्रम में लूट की और घटना जिले के विशनपुर थाना क्षेत्र से सामने आयी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिशनपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव में शुक्रवार की शाम करीब सात बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने विजय ज्वेलर्स के मालिक रमेश साह के ससुर से पिस्टल के बल पर लूटपाट की।

अपराधियों ने उनसे 32 हजार रुपये नकद, करीब 75 ग्राम सोना, आठ किलो चांदी के आभूषण और मोबाइल लूट लिया। जेवरात देने में आनाकानी करने पर अपराधियों ने उनके साथ मारपीट भी की। इस घटना को बगल से जा रही कुछ महिलाओं ने देखा। हल्ला करने पर लुटेरे भाग निकले।

बताया जाता है कि उपेंद्र साह रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर बघला जा रहे थे। रास्ते में घात लगाए लुटेरे ने घटना को अंजाम दिया। घटनास्थल विशनपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर-भरौल ग्रामीण सड़क के बीच बताया जाता है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अगल-बगल में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।

