Home Featured एसबीआई शाखा में चोरों का सेंधमारी का प्रयास, स्ट्रांग रूम की मजबूती ने रोका लूट।

एसबीआई शाखा में चोरों का सेंधमारी का प्रयास, स्ट्रांग रूम की मजबूती ने रोका लूट।

दरभंगा: जिले के रैयाम के नयागांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में शनिवार-रविवार को शातिर चोरों ने सेंधमारी की कोशिश की। बैंक बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने अंदर घुसकर करीब 15 ताले तोड़ डाले, लेकिन स्ट्रांग रूम का तिजोरी लॉक नहीं टूट सका। इससे कोई नकदी चोरी होने से बच गई।सोमवार सुबह बैंक कर्मी पहुंचे तो मुख्य गेट बंद मिला। अंदर जाकर देखा कि शटर टूटा हुआ था और सभी कमरों के ताले क्षतिग्रस्त थे। गोदाम, सामान कक्ष और स्ट्रांग रूम के ताले भी तोड़ने की कोशिश हुई, मगर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था ने चोरों को नाकाम कर दिया।

Advertisement

सूचना पर रैयाम थानाध्यक्ष रौशन कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। एफएसएल टीम ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।नयागांव में 14 वर्ष पुरानी इस शाखा पर पहली बार चोरी का प्रयास हुआ। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और बैंक में स्थायी सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है।

बैंक के मुख्य प्रबंधक (ऑपरेशन) चौधरी कृष्णकांत राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कोई नकदी चोरी नहीं हुई। एसबीआई का स्ट्रांग रूम अत्यंत मजबूत होता है, जिसे तोड़ना चोरों के वश में नहीं। तकनीकी टीम मौके पर है और जांच जारी है। रैयाम थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने कहा कि एफएसएल टीम जांच कर रही है। सीसीटीवी में दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं, जिन्होंने चेहरा ढका रखा था। पहचान के बाद मामला सुलझ जाएगा।

Share