
कटहलबाड़ी के वृद्ध की लाश लक्ष्मी सागर तालाब में मिली, परिजनों में कोहराम।
दरभंगा: कटहलबाड़ी निवासी 70 वर्षीय वृद्ध रामचंद्र राम की लाश बुधवार शाम लक्ष्मी सागर तालाब से बरामद की गई। मृतक मंगलवार की शाम शौच के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद से वे लापता थे।

परिजनों के अनुसार रामचंद्र राम रोज की तरह मंगलवार को शाम करीब 6 बजे के आसपास शौच के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। उनके बेटे शंभू कुमार ने बताया कि रातभर परिजन उन्हें आसपास के इलाकों में खोजते रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

बुधवार की शाम लक्ष्मी सागर तालाब में स्थानीय लोगों ने एक शव को पानी में उपलाते देखा। तत्काल इसकी सूचना विश्वविद्यालय थाना पुलिस और परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। परिजनों ने शव की पहचान रामचंद्र राम के रूप में की।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शौच के दौरान वे तालाब के किनारे फिसलकर पानी में गिर गए होंगे, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।


