
निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे राजमिस्त्री की करेंट लगने से हुई मौत।
दरभंगा: अलीनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में मंगलवार की दोपहर निर्माणाधीन मकान में लोहे की सरिया काटने के दौरान 27 वर्षीय मजदूर मो. सदरुल की मौत बिजली की चपेट में आने से हो गई।

बताया जाता है कि मो. रहमत का मृतक पुत्र सदरुल गांव में ही दूसरे की मकान बनाने में मिस्त्री का काम कर रहा था। इसी क्रम में लोहे की सरिया काटने के दौरान अचानक हुई गलती के कारण उसे करंट लग गया। परिजन उसे लेकर स्थानीय सीएचसी पहुंचे जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विमलेश प्रकाश ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर जब तक इसकी सूचना पुलिस को देती, परिजन लाश लेकर घर चला गए और शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था।

