
कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित बीस लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज।
दरभंगा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सीनियर नेता राहुल गांधी के खिलाफ गुरुवार शाम दरभंगा के लहेरियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। राहुल गांधी समेत 20 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 100 अज्ञात के खिलाफ एक साथ FIR दर्ज की गई है।

जानकारी के मुताबिक, एक FIR भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 163 (IPC की धारा 144) के तहत दर्ज की गई है, जबकि दूसरी FIR में बिना अनुमति अंबेडकर कल्याण हॉस्टल में जबरन कार्यक्रम करने को लेकर है। एक FIR जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक कुमार की ओर से दर्ज कराई गई है। एफआईआर की पुष्टि दरभंगा सदर एसडीपीओ अमित कुमार और सदर एसडीएम विकास कुमार ने की है।

FIR दर्ज होने के कुछ घंटे पहले राहुल गांधी ने पटना एयरपोर्ट पर कहा कि पहले कोई प्रॉब्लम दिखी नहीं, दरभंगा में अचानक उन्होंने रोकने की कोशिश की। मैं वहां गया, जो करना था किया। कास्ट सेंसस की बात की। कहा कि प्राइवेट यूनिवर्सिटी में जो कानून है कि रिजर्वेशन होना चाहिए। रिजर्वेशन की 50 प्रतिशत वाली दीवार टूटनी चाहिए। ये हमारी मांगे हैं।

उन्होंने कहा कि हमें हॉस्टल में जाने नहीं दिया, बाद में तस्वीरें दिखाई, पता लगा क्यों नहीं जाने दिया क्योंकि हॉस्टल की हालत बहुत खराब थी। मैंने उनसे कहा कि रोकना चाहते हैं तो रोक दीजिए, उन्होंने कुछ कहा नहीं। केस तो उन लोगों ने लगाए हैं। 30, 32 केस हैं मुझपर, ये सब मेरे लिए मेडल हैं।

सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि छात्रावास में जबरन घुसकर कार्यक्रम किया गया। मौके पर तैनात मजिस्ट्रेट खुर्शीद आलम ने पहली प्राथमिकी दर्ज कराई। दूसरी प्राथमिकी जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक कुमार ने दर्ज कराई। दोनों मामलों में 20 लोगों को नामजद किया गया है। 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है।
नामजदों में राहुल गांधी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, उप मेयर नाजिया हसन, एएमयू के पूर्व अध्यक्ष मशकूर उस्मानी, विधायक शकील अहमद खान और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम शामिल हैं।
सदर एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि कांग्रेस नेताओं को पहले ही सूचित किया गया था कि कार्यक्रम टाउन हॉल में ही करें। इसके लिए आदेश भी जारी किया गया था। सुरक्षा के लिए एयरफोर्स स्टेशन से टाउन हॉल तक पुलिस बल की व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद राहुल गांधी छात्रावास चले गए। वहां किसी अधिकारी की प्रतिनियुक्ति नहीं थी। वो जेड प्लस सिक्योरिटी के लोग हैं।
एसडीएम ने बताया कि वे खुद राहुल गांधी के साथ थे। रास्ते में कई बार उन्हें बताया गया कि छात्रावास में बीएनएस 163 लागू है। 200 मीटर की परिधि में जाना मना है। इसके बावजूद वे नहीं माने। मजबूरी में केस दर्ज करना पड़ा।
राहुल गांधी के दरभंगा दौरे का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें एसडीओ विकास कुमार और सदर एसडीपीओ अमित कुमार भीड़ के बीच राहुल गांधी से रिक्वेस्ट कर कहते रहे कि सर रुक जाइए।
वीडियो में दिख रहा है कि दोनों अधिकारियों की ओर से रोकने के रिक्वेस्ट के बाद राहुल गांधी ने कहा, ‘आपका रोकने का काम है। आप अपना काम करो, रोको। पहले आपने गेट पर रोका, अब आप मुझे कहीं और जाने का बोल रहे हैं। ये बेवकूफी है।’
एसडीओ ने कहा- ‘सर प्लीज रिक्वेस्ट कर रहा हूं रुक जाइए।’ एसडीपीओ ने कहा- ‘मैं आपका सम्मान करता हूं बात मान लीजिए।’ राहुल ने कहा- ‘मैं भी आपका सम्मान करता हूं।’

