
कुख्यात पंकज यादव ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण।
दरभंगा: कोसी प्रक्षेत्र के टॉप टेन अपराधियों में शामिल कुख्यात पंकज यादव ने शुक्रवार को बिरौल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। उसने जेएम फर्स्ट प्रियांशु राज के कोर्ट में सरेंडर किया है। इसकी पुष्टि पंकज यादव के परिजनों की ओर से भी की गयी है।

जानकारी के अनुसार सहरसा जिले के धनौजा निवासी सत्तो यादव एवं महिषी उप प्रमुख रही सरस्वती देवी के पति कुख्यात काजल यादव हत्याकांड में प्राथमिक अभियुक्त होने के कारण पकंज यादव ने आत्मसमर्पण किया है। पंकज यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। कोसी डीआईजी शिवदीप लांडे ने कमिश्नरी में अपराध पर नियंत्रण के लिए टॉप टेन बदमाशों की सूची तैयार की थी। इसमें पंकज यादव का नाम भी शामिल है। तत्कालीन एसपी लिपि सिंह के कार्यकाल में भी उसकी गिरफ्तारी के लिए काफी प्रयास किया गया था।

निर्माण से जुड़े मजदूर जुम्मन हत्याकांड के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार सहरसा पुलिस और एसटीएफ प्रयास कर रही थी, लेकिन वह बार-बार पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। सहरसा के बाहुबली रामानंद यादव की हत्या में भी उसका नाम आया था। इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। पुलिस के लगातार दबिश देने के बाद शुक्रवार की दोपहर में उसने सरेंडर कर दिया।


