Home Featured कोचिंग जा रही छात्रा की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित भीड़ ने स्कूल में की तोड़फोड़ व आगजनी।

कोचिंग जा रही छात्रा की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित भीड़ ने स्कूल में की तोड़फोड़ व आगजनी।

दरभंगा: बहेड़ी थाना क्षेत्र के बघौनी गांव के पास सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात में अपराधियों ने बीपीएससी की कोचिंग के लिए जा रही 19 वर्षीय छात्रा को गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के परसा गांव निवासी विनय कुमार सिंह व फूल देवी की पुत्री थी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में दहशत फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, छात्रा बघौनी चौक स्थित कोचिंग सेंटर जा रही थी, तभी परसा मार्ग पर घात लगाए बैठे अपराधी ने उसे नजदीक से गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर बहेड़ी थानाध्यक्ष सुरज कुमार गुप्ता व शिवाजीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

Advertisement

परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि करीब तीन माह पहले ही आरोपी शिक्षक कुमुद कुमार के खिलाफ शिवाजीनगर थाना में शिकायत दी गई थी, लेकिन तत्कालीन थानाध्यक्ष छोटे लाल सिंह ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि आरोपी शिक्षक स्थानीय एंजेल हाई स्कूल में कार्यरत था और लगातार धमकी दे रहा था। परिजनों के अनुसार, थानाध्यक्ष और आरोपी एक ही जिले नालंदा के रहने के कारण मामला दबा दिया गया।

Advertisement

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बहेड़ी–सिंघिया मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ ने एंजेल हाई स्कूल पहुंचकर कार्यालय कक्ष, बस और कक्षाओं में तोड़फोड़ कर दी तथा बस व कार्यालय में आग लगा दी। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया।

Advertisement

करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद रोसड़ा एसडीपीओ संजय सिंहा, बेनीपुर एसडीपीओ आशुतोष कुमार, ग्रामीण एसपी आलोक सहित कई थानों की पुलिस ने लोगों को शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा गया और यातायात बहाल किया गया। फिलहाल स्कूल परिसर में पुलिस कैंप कर रही है।

Share