
खराब बीज से नुकसान, किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना देने का किया ऐलान।
दरभंगा: प्रखंड कृषि कार्यालय बहादुरपुर से वितरित गेहूं के बीज अंकुरित न होने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। जिला कृषि पदाधिकारी को भेजे आवेदन में किसानों ने खेत की जुताई, खाद, बीज व मजदूरी पर हुए खर्च की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, विभिन्न कंपनियों के बीज 10-15 दिन बाद भी अंकुरित नहीं हुए। खेतों की नमी सूख जाने से अब दोबारा बुआई संभव नहीं रही। किसानों ने कृषि कार्यालय को कई बार सूचित किया, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।

नाराजगी चरम पर पहुंचते हुए बहादुरपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के किसानों ने कृषि विभाग की लापरवाही के खिलाफ 9 दिसंबर से दुर्गा मंदिर काली स्थान, पनसीहा चौक रामभद्रपुर मोड़ पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने का फैसला किया है। किसानों ने जिला कृषि पदाधिकारी से मांग की है कि उनकी समस्या का तत्काल समाधान हो और मुआवजा शीघ्र दिलाया जाए। आवेदन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, अंचलाधिकारी बहादुरपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी बहादुरपुर को भेजी गई है।


