
खाता से 5.20 लाख की साइबर ठगी, पीड़ित ने दर्ज कराया केस।
दरभंगा: जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने एक युवक के बैंक खाते से कुल 5 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में अतरखेल निवासी राजू शर्मा ने थाने में आवेदन देकर राशि वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित राजू शर्मा के अनुसार, 23 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 11:15 बजे उनके मोबाइल नंबर 8292149826] पर एक संदेश आया, जिसमें खाते से 5 लाख रुपये डेबिट होने की सूचना थी। मैसेज मिलते ही वे एसबीआई सिंहवाड़ा शाखा पहुंचे और खाते की जांच कराई, जिसमें मात्र 1,46,000 रुपये शेष मिले।

पीड़ित का कहना है कि कुछ देर बाद खाते से फिर 20,000 रुपये कट गए, जिसकी कोई सूचना उन्हें नहीं मिली। संबंधित मैसेज/दस्तावेज की प्रति उन्होंने आवेदन के साथ संलग्न की है।बताया गया कि बैंक शाखा प्रबंधक ने तत्काल साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद राजू शर्मा ने बिना विलंब साइबर थाना में लिखित आवेदन दिया।

इस संबंध में साइबर डीएसपी विपिन कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर कांड संख्या 436/25 दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

