Home Featured घर में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा: दो आरोपित गिरफ्तार।

घर में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा: दो आरोपित गिरफ्तार।

दरभंगा: जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र में घर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी का Redmi मोबाइल और 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया Samsung Tab भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 की रात बहेड़ा थाना क्षेत्र के बेनीपुर में बालेंद्र झा के घर चोरी की घटना हुई थी। चोरों ने घर से Samsung Tab, Redmi मोबाइल, 10 हजार रुपये नकद, बर्तन समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। मामले में बालेंद्र झा के लिखित आवेदन के आधार पर बहेड़ा थाना कांड संख्या 556/26, दिनांक 09.09.2026 के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेनीपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में बहेड़ा थानाध्यक्ष, अनुसंधानकर्ता एवं जिला आसूचना इकाई की टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना का उद्भेदन किया।

पुलिस ने चोरी किए गए Redmi मोबाइल और 1,500 रुपये के साथ मोहम्मद असरफ खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर चोरी किया गया Samsung Tab सकरी बाजार स्थित सिद्धी विनायक मोबाइल दुकान से मोहित कुमार के पास से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने मोहित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान असरफ खान, उम्र 20 वर्ष, पिता सरीफ खान, निवासी पकरी थाना अलीनगर, दरभंगा तथा मोहित कुमार, उम्र 28 वर्ष, पिता महेश साहू, निवासी सकरी थाना मनिगाछी, दरभंगा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस ने बताया कि दोनों पूर्व में भी आपराधिक मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं।

Share