
चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने शहर की समस्याओं को लेकर नगर विकास मंत्री को सौंपा ज्ञापन।
दरभंगा: दरभंगा डिविजनल चैम्बर आॅफ कॉमर्स के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी समिति के सदस्यों की बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार के साथ भेंट वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर मंत्री को एक पत्र देकर उनका ध्यान मुख्य रूप से शहर के फल एवं सब्जी मंडी के थोक व्यापारियों को वर्तमान अलुआगद्दी में होने वाली दिक्कतों से उन्हें अवगत करवाते हुए उनके लिए एक समुचित विकसित बाजार बनाकर उन्हें वहां स्थानांतरित करने की अविलंब आवश्यकता की ओर आकृष्ट किया गया।

उपलब्ध कई स्थानों की संभावनाओं पर गहन चर्चा के बाद विक्रेताओं की सहमति से या तो बाजार समिति या भूमि एवं राजस्व विभाग के मंत्री से बात करके मब्बी से थोड़ा आगे भराठी में उनके लिए पर्याप्त जगह में काफी बड़े रूप में मंडी बनाये जाने का आश्वासन दिया।

चैंबर के अध्यक्ष पवन कुमार सुरेका, प्रधान सचिव सुशील कुमार जैन, कोषाध्यक्ष मुकेश खेतान, सचिव अभिषेक चौधरी, संरक्षक विनोद साह, फल मंडी के राज कुमार साह, देव कुमार, शिशु कुमार, राम बाबू, ध्रुव कुमार नंदन किशोर एवं अन्य के साथ गए प्रतिनिधिमंडल ने उपरोक्त समस्या के अतिरिक्त शहर की नगर विकास से संबंधित बहुत सारी समस्याओं से संबंधित एक स्मार पत्र मंत्री को दिया गया।

जिसमें उनका ध्यान शहर में अतिक्रमण की समस्या, शहर में नालियों और सड़कों का पथ निर्माण विभाग द्वारा दोषपूर्ण निर्माण, शहर में सफाई के घोर अभाव, दरभंगा टावर उत्तर पश्चिम भाग में कूड़े का ढेर, सुभाष चौक से मसरफ बाजार तक सब्जी मंडी से लगने वाले महाजाम, सड़क निर्माण की धीमी गति, शहर में सड़क के किनारे बढ़ते जा रहे बूचर खाने, शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था के अभाव आदि की ओर भी उनका ध्यान आकृष्ट किया गया।

सारी समस्याओं को समझते हुए उन्होंने चैंबर प्रतिनिधिमंडल को यह भरोसा दिलाया कि आप मुझे कुछ वक्त दीजिए और चुनाव के बाद जन समर्थन से दोबारा सरकार बनाने पर हम दरभंगा की इन सारी समस्याओं का समाधान कर इसे एक काफी सुंदर शहर बना देंगे, ऐसा उन्होंने विश्वास दिलाया। बैठक में नगर आयुक्त राकेश गुप्ता भी उपस्थित थे।

