
चोरी के मामले में पुलिस की बड़ी सफलता – 07 अपराधी गिरफ्तार, लाखों के जेवरात और रुपये बरामद।
दरभंगा: जिले के पतोर थाना क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से 573 ग्राम सोना, 22.650 किलो चांदी, 33,100 रुपये नगद, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद जेवरात और सामान की पहचान परेड भी कराई जाएगी।

यह मामला पहली बार 4 फरवरी 2024 को सामने आया था, जब उसमामठ मदनपुर निवासी बबलू साह ने अपनी गायत्री चौक उघरा स्थित “सुवहागन ज्वेलर्स” दुकान से हुई चोरी को लेकर पुलिस को आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर पतौर थाना कांड संख्या 85/25, दिनांक 31 अगस्त 2025 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी शाखा की मदद से छापेमारी कर सभी आरोपितों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में अजय मुखिया (पिता राम सागर मुखिया, ग्राम कमलपुर थाना बिरौल), कृष्णकांत वर्मा उर्फ कन्हैया (पिता उदय चन्द्र वर्मा, ग्राम शिवनगर घाट थाना घनश्यामपुर), अजय साहू (पिता श्रवण साहू, ग्राम सुपौल बाजार थाना बिरौल), मदन मुखिया उर्फ बाबा (पिता धातू मुखिया, ग्राम कमलपुर थाना बिरौल), उमेश साहू (पिता स्व. शिवजी साहू, ग्राम सुपौल बाजार थाना बिरौल), श्रवण वर्मा (पिता सीताराम वर्मा, ग्राम रूपनगर थाना बिरौल) और संजीत मुखिया (पिता राम विलास मुखिया, ग्राम व थाना बिरौल) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों के नाम पतौर थाना कांड संख्या 86/25, दिनांक 31 अगस्त 2025 में भी सामने आ चुके हैं। इनके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की जांच जारी है।

इस छापेमारी अभियान में बहादुरपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक, पतौर थानाध्यक्ष, एपीएम थानाध्यक्ष, फेकला थानाध्यक्ष, पु.अ.नि. मनोज कुमार, तकनीकी शाखा के रामबाबू राय सहित पुलिस बल के कई जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।

