
जर्जर भवन में फंदे पर लटका बीएमपी कुक: छुट्टी न मिलने से टूटा संजय का सब्र।
दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बीएमपी-13 परिसर में पुराने जर्जर भवन की छत से 40 वर्षीय कुक संजय सिंह का शव फंदे पर लटका मिला। सारण जिले के मांझी थाना अंतर्गत कटोखर गांव निवासी संजय करीब 20 वर्षों से यहां खाना बनाने का काम कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, संजय लंबे समय से मानसिक रोग से पीड़ित थे और उनका इलाज उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में चल रहा था। वे 18 जनवरी से लापता थे। पहले भी वे अक्सर कुछ घंटों के लिए गायब हो जाते थे, लेकिन इस बार दो दिनों तक न लौटने से चिंता बढ़ गई। मंगलवार को उनके आवास के पास स्थित जर्जर भवन में शव नजर आया।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर डीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। मृतक के बेटे मनीष सिंह ने बताया कि पिता की दवाइयां खत्म हो चुकी थीं। छुट्टी न मिलने से वे तनाव में थे। उनके दो नाबालिग बेटे मनीष, आयुष और बेटी अंशिका हैं।

बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने कहा कि परिजनों से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत पर कार्रवाई होगी। डीएसपी दिलीप कुमार झा ने बताया कि जर्जर भवन के बजाय नया आवास आवंटित था, जहां वे रह रहे थे। सहकर्मियों के मुताबिक संजय अक्सर मानसिक तनाव में रहते थे।मृतक को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, तत्काल सहायता राशि परिजनों को दी गई। एक सब-इंस्पेक्टर व पुलिसकर्मी शव के साथ गांव भेजे गए। परिसर में शोक की लहर है।

