Home Featured ट्रैक्टर के नीचे दबने से बालक की मौत, परिवार में छाया मातम।

ट्रैक्टर के नीचे दबने से बालक की मौत, परिवार में छाया मातम।

दरभंगा: सिंहवाड़ा नगर पंचायत में एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की ट्रैक्टर के चक्के से दबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड आठ निवासी दीपक शर्मा के पुत्र किशन कुमार के रूप में हुई है। किशन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और स्थानीय निजी विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था।

Advertisement

घटना उस समय हुई जब मृतक के घर के पास मिट्टी भराई का काम चल रहा था। ट्रैक्टर को पीछे करते समय किशन कुमार उसकी चपेट में आ गया और ट्रैक्टर का चक्का उसके सीने पर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।

Advertisement

गंभीर हालत में किशन को पहले सिंहवाड़ा सीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुत्र की मौत की खबर सुनते ही मां गुड़िया देवी बेहोश हो गईं। दादी कांति देवी समेत परिवार के अन्य सदस्य शोक में डूब गए। मृतक के छोटे भाई अभिमन्यु और दीपेश भी स्थिति को समझ नहीं पा रहे हैं।

Advertisement

स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और गणमान्य लोग परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के पिता ने बताया कि ट्रैक्टर की पहचान कर ली गई है।

Advertisement
Share