
डिप्टी मेयर को मानसिकता बदलनी होगी, नहीं तो बदलवा देंगे : संजय सरावगी।
दरभंगा: डिप्टी मेयर नाजिया हसन ने गलत बयान दिया। ये पाकिस्तान वाली मानसिकता बदलनी होगी, जो नहीं बदलेंगे, उन्हें बदला दिया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश की सबसे बड़ी सामाजिक संस्था है। देश में कभी भी आपदा, विपदा आई है, तब आरएसएस बढ़चढ़कर लोगों की सेवा में लगा है। ऐसे में आरएसएस को पाकिस्तान से जोड़कर बयान देना गलत है, ऐसे लोगों को हमलोग ठीक कर देंगे। पाकिस्तान अब इस देश में नहीं चलने वाला है।

कल दरभंगा में भाजपा के जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी, उपाध्यक्ष सोनी पूर्वे, बालेंदु झा, मुकेश महासेठ समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया है। ये निंदनीय है, जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई कराई जाएगी।’ ये बातें सोमवार को दिल्ली में मौजूद बिहार सरकार के मंत्री और दरभंगा सदर से भाजपा विधायक संजय सरावगी ने कही।

इससे पहले भी संजय सरावगी ने कहा था कि राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ देश का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन है। आजादी के पहले से पूरे देश में काम कर रहा है। आपदा, भूकंप, युद्ध हुआ हो, आरएसएस ने मदद की है। नाजिया हसन का बयान गलत है, ये मानसिकता है। जिनकी ऐसी मानसिकता है, उन्हें अपनी मानसिकता बदलनी होगी। इससे ज्यादा शर्मनाक और निंदनीय कुछ नहीं है।

सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलने राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती कार्यकर्ताओं का हाल जाना। डॉक्टरों से बेहतर इलाज की सलाह दी। सभी घायलों के बीच फल बांटे। उन्होंने कहा कि घायल जल्द स्वस्थ हों, इसके लिए दवा और फल दिए गए हैं।

बकरीद के दिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर उप मेयर नाजिया हसन के एक पोस्ट के बाद कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। प्रशासन ने बकरीद के कारण जुलूस पर रोक लगा दी थी। पुलिस के पहुंचने पर धक्का-मुक्की हुई। हल्का बल प्रयोग किया गया। इसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए।
राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता ने कहा कि यह घटना एक साजिश है। एसडीपीओ और एसडीओ ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र की सेवा करते हैं।
किसी कार्यकर्ता ने मशाल नहीं जलाया। अगर जलाया होता तो वीडियो प्रूफ होता। कार्यकर्ताओं ने मान लिया था कि बिना आदेश के मशाल नहीं जलाएंगे। इसके बावजूद लाठीचार्ज किया गया।
लाठीचार्ज कार्यकर्ताओं पर नहीं, भाजपा और संघ पर किया गया है। जिन अधिकारियों के आदेश पर यह हुआ, वे निलंबित होंगे। महिला कार्यकर्ताओं पर पुरुष पुलिस बल ने लाठीचार्ज किया, यह निंदनीय है। मैं भी महिला हूं, मैंने चोट के निशान देखे हैं।
प्रशासन हमारी सरकार का हिस्सा है, फिर भी ऐसा व्यवहार क्यों किया गया? जो दोषी हैं, वे बर्खास्त होंगे। सरकार में रहकर पार्टी के खिलाफ काम करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

