
डीलक्स शौचालय में फंदे से लटकी मिली अधेड़ की लाश, नहीं हो सकी है शव की शिनाख्त।
दरभंगा: रेलवे स्टेशन परिसर के डीलक्स शौचालय में बुधवार की रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव खिड़की से लटका मिला। मृतक की उम्र करीब 45 साल बताई जा रही है। उसके पास से आगरा से जयनगर का टिकट और 565 रुपए मिले। उसने काले रंग की चेकदार फुल शर्ट, काली फुल पैंट पहन रखा था।

शौचालय संचालक अजय कुमार ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे एक व्यक्ति स्नान करने के लिए आया। उसने पैसे जमा किए और अंदर चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं निकला। इसके बाद एक अन्य यात्री नहाने के लिए आए, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। संचालक ने जब दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर जीआरपी को सूचना दी गई। आज गुरुवार को लाश का पोस्टमॉर्टम हुआ।

जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर सफेद गमछे से लटका शव मिला। रात ज्यादा हो जाने के कारण शव को वहीं छोड़ दिया गया। सुबह उसे उतारकर डीएमसीएच भेजा गया।

जीआरपी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि शव को गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। पहचान नहीं हो पाई है। शव को 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा गया है। पहचान के लिए सोशल मीडिया पर तस्वीरें भेजी गई हैं।


