
डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान और पंचायत सरकार भवन निर्माण की डीएम ने की समीक्षा, सख्त निर्देश जारी।
दरभंगा: समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को जिले के सभी अंचलाधिकारियों के साथ डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान और पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य की गहन समीक्षा की। बैठक में संबंधित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत प्राप्त सभी आवेदनों की सतर्कता से जांच की जाए और उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए ही स्वीकृति अथवा अस्वीकृति की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बड़े अंचलों से 200 और छोटे अंचलों से 100 पर्चों की तैयारी कर उन्हें वितरण के लिए सुरक्षित रखा जाए। 15 अगस्त 2025 से पूर्व अनुमंडल स्तर पर विशेष शिविर लगाकर वंचित लाभार्थियों के बीच पर्चा वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

डीएम ने सभी स्वीकृत पर्चों को अभिलेख के रूप में संरक्षित रखने और बसेरा पोर्टल पर समय से अपलोड करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन के किसी भी प्रकार का प्रमाण-पत्र — चाहे वह आवासीय हो, जातीय हो या अन्य — निर्गत न किया जाए।
आरटीपीएस कर्मियों को लेकर भी जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जो कर्मी किसी अंचल कार्यालय में तीन वर्षों से अधिक समय से कार्यरत हैं, उनका तत्काल स्थानांतरण किया जाए।

पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कार्यपालक अभियंता (भवन) द्वारा 96 भवन तथा एलईओ द्वारा 58 भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए तथा संवेदकों को किसी प्रकार की अवरोध उत्पन्न न हो।

इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व के विरुद्ध संबंधित अंचलाधिकारी और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराएं।
बैठक में अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण एवं राजस्व), उप निदेशक जनसंपर्क, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक समाहर्ता, कार्यपालक अभियंता (भवन) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

