Home Featured दरभंगा के किराना दुकानदार की पटना में गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस।

दरभंगा के किराना दुकानदार की पटना में गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस।

दरभंगा: पटना जिले रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के पूर्वी आशोचक मोहल्ले में गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक किराना दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान  विक्रम झा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दरभंगा जिले के उघड़ा गांव के निवासी थे। वे अपने परिवार के साथ पूर्वी आशोचक में किराए के मकान में रहते थे और मकान के भूतल पर ‘तृष्णा मिनी मार्ट’ नामक किराना दुकान चलाते थे।

Advertisement

घटना उस समय हुई जब विक्रम झा दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार अपराधी दुकान में दाखिल हुए और पास से सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही विक्रम झा गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली की आवाज सुनकर परिजन व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन उन्हें एक अन्य बड़े अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उनकी मृत्यु की पुष्टि कर दी।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल लूट की आशंका से इनकार किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Advertisement

स्थानीय लोगों के अनुसार, विक्रम झा की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी एक छोटी बेटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्यारों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

Share