
दरभंगा को मिलेगा जाम से निजात, रेलवे स्टेशन से एक्सप्रेस-वे तक बनेगा एलीवेटेड मार्ग।
दरभंगा: शहर को लंबे समय से जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या से राहत दिलाने के लिए दरभंगा रेलवे स्टेशन से आमस-दरभंगा राजमार्ग को जोड़ने वाला एलीवेटेड मार्ग परियोजना आगे बढ़ चली है। बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड के अनुसार 27 अगस्त से निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना पर लगभग 1214.90 करोड़ रुपये व्यय होंगे।

13.175 किलोमीटर लंबा होगा मार्ग
नगर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों से होकर गुजरने वाला यह 13.175 किलोमीटर लंबा एलीवेटेड मार्ग दरभंगा रेलवे स्टेशन से आरंभ होकर दोनार चौक, कर्पूरी चौक, लहेरियासराय चौक, लोहिया चौक होते हुए एकमी चौक तक बनेगा। इसके तहत लहेरियासराय टावर चौक से उत्तर सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। दोनों ओर के घरों पर चिन्ह लगाने का कार्य आरंभ है।

एक्सप्रेस-वे से होगा सीधा संपर्क
दरभंगा को सीधे आमस-दरभंगा राजमार्ग से जोड़ने के लिए यह मार्ग एकमी से रामनगर सिनुआरा होते हुए बहादुरपुर अंचल क्षेत्र तक विस्तारित होगा। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। भूमि स्वामियों की सूची तैयार कर ली गई है और उन्हें शीघ्र ही सूचना दी जाएगी। भूमि अधिग्रहण पूरा होते ही शिलान्यास की तिथि तय की जाएगी।

यातायात और व्यापार को मिलेगी गति
शहरवासियों और व्यापारियों ने इस योजना का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से दरभंगा में जाम और बेतरतीब यातायात ने आम जीवन को प्रभावित किया हुआ था। मार्ग बनने के बाद न केवल आवाजाही सुगम होगी बल्कि शहर का रूप-रंग भी बदलेगा।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पवन कुमार सुरेका का कहना है कि इसके बनने से व्यापारिक गतिविधियों में और अधिक बढ़ोतरी होगी। लोगों का समय बचेगा और यात्रियों को सुविधाजनक यातायात मिलेगा।
आधुनिक शहर की ओर कदम
विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना दरभंगा और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक बड़ा कदम साबित होगी। रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौक तेज रफ्तार वाले मार्ग से जुड़ सकेंगे। इससे क्षेत्रीय यातायात सुचारू होगा और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।

