
दरभंगा में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की बैठक संपन्न, मतदाता पुनरीक्षण पर अगस्त में प्रदर्शन का ऐलान।
दरभंगा: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी दरभंगा जिला परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को लालबाग स्थित पार्टी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रो. शब्बीर अहमद बेग ने की। बैठक में जिले में व्याप्त पेयजल संकट और मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए आगामी अगस्त महीने के प्रथम सप्ताह में प्रखंड और अंचल कार्यालयों पर विरोध प्रदर्शन एवं घेराव करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मिथिला क्षेत्र में पेयजल संकट अत्यंत विकराल रूप धारण कर चुका है। आमजन त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन इस गंभीर संकट से निपटने के लिए पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ चुनावी घोषणा करने में व्यस्त है, जबकि धरातल पर एक भी योजना क्रियान्वित नहीं हो पा रही है। “हर घर नल का जल” योजना भी बुरी तरह विफल है, और पीएचईडी विभाग के अधिकारी इस स्थिति को लेकर कतई गंभीर नहीं हैं।

बैठक में संगठनात्मक निर्णय भी लिए गए। पार्टी सदस्यता सूची को अद्यतन करने के साथ-साथ 20 अगस्त तक सभी अंचलों में शाखा एवं अंचल सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा 30, 31 अगस्त एवं 1 सितंबर को जिला सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को जिला सचिव नारायण जी झा, सहायक जिला सचिव राजीव कुमार चौधरी, राम नरेश राय, कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार, मणिकांत झा, अहमद अली तमन्ने, विश्वनाथ मिश्र, राजू मिश्रा, आनंद मोहन, शशिरंजन प्रताप सिंह, शरद सिंह, राम उदगार शाह, ललित मिश्रा, शिव कुमार सिंह आदि नेताओं ने संबोधित किया।


