
दरभंगा से लखनऊ के लिए रवाना हुई अमृत भारत ट्रेन, मिथिला की सांस्कृतिक विरासत के संग हुआ शुभारंभ।
दरभंगा: रेल यात्री सुविधाओं को एक नई दिशा देते हुए दरभंगा से लखनऊ के लिए अमृत भारत ट्रेन की शुरुआत की गई। इस अवसर को खास बनाते हुए ट्रेन को मिथिला की सांस्कृतिक परंपराओं से सजाया गया। ट्रेन को फूल-पत्तियों एवं मिथिला पेंटिंग से सुसज्जित किया गया, जिससे स्थानीय सांस्कृतिक पहचान की झलक मिल सके।

इस ट्रेन को सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने मोतिहारी से वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाई। इसके बाद दरभंगा स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में सांसद ने प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। डॉ. ठाकुर स्वयं इस ट्रेन के प्रथम दर्जन यात्रियों में शामिल रहे। उन्होंने ड्राइवर और अन्य यात्रियों को मिथिला की परंपरा अनुसार पाग और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मिथिला के प्रसिद्ध कलाकारों – माधव राय, रामबाबू झा, श्यामबाबू झा, विकास झा, रचना झा, डॉली सिंह, चांदनी चकोर, विक्रम झा समेत अन्य कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना दिया। कलाकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को मधुर संगीत के माध्यम से प्रस्तुत कर जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीतों के माध्यम से संदेश दिया गया कि “मिथिला का बच्चा-बच्चा मोदी के साथ है।”

कार्यक्रम में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति रही। बिहार सरकार के मंत्री संजय सरावगी और मंत्री हरि सहनी ने सांसद ठाकुर के साथ “मोदी-मोदी” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से मंच को जोश से भर दिया।

मौके पर भाजपा के दोनों सांगठनिक जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना एवं विनय पासवान, साथ ही वरिष्ठ नेता उदयशंकर चौधरी, पारसनाथ चौधरी, संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, श्रवण चौधरी, पिंटू झा, रजनीश सुंदरम, मुनींद्र यादव, प्रेम कुमार रिंकू, टनटन ठाकुर, राधेश्याम झा, कन्हैया पासवान, संजय ठाकुर, आशुतोष झा, पुरुषोत्तम सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि यह ट्रेन दरभंगा और मिथिला के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेल मंत्रालय द्वारा दरभंगा क्षेत्र की लगातार उपेक्षा को दूर किया जा रहा है। आने वाले दिनों में और भी आधुनिक ट्रेनों के संचालन से यह साबित होगा कि केंद्र सरकार मिथिला के प्रति संवेदनशील है।

