
पुरानी रंजिश में युवक को बदमाशों ने मारी गोली, डीएमसीएच में भर्ती।
दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओझौल अहिला गाछी में गुरुवार की शाम बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल युवक की पहचान ओझौल गांव निवासी हरखोली पासवान के पुत्र सूरज पासवान के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे कुछ अज्ञात बदमाशों ने सूरज को एकमी चौक से जबरन बाइक पर बैठाकर अहिला गाछी ले गए। जहां पूर्व के किसी विवाद को लेकर बदमाशों ने उसे दाहिनी कमर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और लहूलुहान अवस्था में पड़े सूरज को तत्क्षण इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल का उपचार डीएमसीएच में चल रहा है। फर्द बयान मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना की गहन जांच में जुट गई है।


