
बदमाशों ने कंपाउंडर पर चाकू से किया जानलेवा हमला, गंभीर हालत में भर्ती।
दरभंगा: जिले के कमतौल थाना क्षेत्र में बदमाशों ने कंपाउंडर पर चाकू से हमला कर दिया। इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है। पेशेंट को सूई देकर घर लौट रहे थे। इस दौरान 7 बदमाशों ने रोक लिया। सभी के पास पिस्टल और चाकू था। घटना ब्रह्मपुर पासमा गांव की है।

पीड़ित जगदीश पासवान ने बताया कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी और जातिसूचक गालियां दीं। विवाद बढ़ने से चाकू से हमला कर घायल कर दिया। गला, कंधे और हाथ पर चाकू मारा है। किसी तरह से जान बचाकर मौके से भागा।

पीड़ित ने आगे कहा कि 30 जून को सुंदरम ठाकुर ने मेरे पोते का मोबाइल छीन लिया था। मोबाइल का IMEI नंबर 864276074340424 और 864276074340432 है। गांव के लोगों से शिकायत की, लेकिन किसी ने बात नहीं मानी। हमले में मनोज ठाकुर, सुंदरम ठाकुर उर्फ लड्डू, शिवम ठाकुर, आनंद ठाकुर, तेजे ठाकुर और गांधी ठाकुर शामिल है। सभी ब्रह्मपुर गांव के रहने वाले हैं।

थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि पीड़ित ने थाने में आवेदन दिया है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


