Home Featured बिजली गई 925 बार, फिर भी विभाग कहे-‘लगभग चौबीसों घंटे रोशनी’
Featured - मुख्य - July 30, 2025

बिजली गई 925 बार, फिर भी विभाग कहे-‘लगभग चौबीसों घंटे रोशनी’

दरभंगा: एनएफएमएस पोर्टल पर दरभंगा जिले की 28 जुलाई की विद्युत आपूर्ति रिपोर्ट ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन के दावों की हकीकत उजागर कर दी है। रिपोर्ट में जहां औसतन 20 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति दिखा दी गई है, वहीं उसी दिन हजारों बार बिजली गुल होने की सूचना खुद विभाग ने ही दी है।

Advertisement

बिजली विभाग के मुताबिक, जिले में 33 केवी के 60 और 11 केवी के 176 फीडरों से सप्लाई होती है। मगर चौंकाने वाली बात यह है कि 33 केवी फीडर से उस दिन 131 बार और 11 केवी फीडर से 925 बार बिजली की आपूर्ति बाधित हुई। अब सवाल ये उठता है कि इतनी बार सप्लाई बाधित होने के बावजूद “लगभग 24 घंटे” बिजली कैसे दी जा रही थी?

Advertisement

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि शहरी दरभंगा में 33 केवी फीडरों से औसतन 23 घंटे 59 मिनट, ग्रामीण में 22 घंटे 36 मिनट और बेनीपुर में 20 घंटे 45 मिनट बिजली रही। वहीं 11 केवी फीडर की बात करें तो शहरी क्षेत्र में 23 घंटे 02 मिनट, ग्रामीण में 21 घंटे 40 मिनट और बेनीपुर में 20 घंटे 13 मिनट की आपूर्ति दर्शाई गई है।

Advertisement

जिलाधिकारी कौशल कुमार के आदेश पर जारी बयान में कार्यपालक अभियंता ने बताया कि खरीफ फसल की बुआई को देखते हुए कृषि फीडरों से प्रतिदिन 20 घंटे से अधिक बिजली दी जा रही है। मगर ज़मीनी हकीकत यह है कि किसानों को बार-बार बिजली जाने से सिंचाई के लिए पंप तक चलाना मुश्किल हो गया है।

Advertisement

प्रशासन और बिजली विभाग द्वारा जारी यह रिपोर्ट एक तरह से “खुद को नंबर देने वाली व्यवस्था” का उदाहरण बन गई है, जिसमें कागजों पर सब ठीक है, लेकिन गांव-देहात में रातभर अंधेरा पसरा रहता है। अगर औसतन 23 घंटे बिजली मिल रही होती, तो जिले के लोग हाथ पंखे की सहारे और फिर लालटेन की रौशनी पर क्यों लौट रहे हैं?

Share