
राजपूत समाज को एकजुट करने दरभंगा पहुंचे रूडी, ‘जय सांगा’ नारे से गूंजे गांव।
दरभंगा: पूर्व केंद्रीय मंत्री व सारण से सांसद राजीव प्रताप रूडी ने शनिवार को दरभंगा जिले के विभिन्न गांवों का दौरा किया। बहादुरपुर प्रखंड के सिनुआरा एवं खैरा गांव, वहीं हनुमाननगर प्रखंड के रामपुरडीह गांव स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित ‘सांगा यात्रा’ कार्यक्रम में उन्होंने राजपूत समाज को संबोधित करते हुए समाज की एकजुटता पर बल दिया।

इस अवसर पर श्री रूडी ने कहा कि अब समय आ गया है जब राजपूत समाज को एकजुट होकर अपनी सशक्त पहचान बनानी होगी। उन्होंने कहा कि मैं किसी राजनीतिक दल के लिए वोट मांगने नहीं आया हूं, बल्कि समाज के नवजागरण के उद्देश्य से मैदान में उतरा हूं। हर गांव में ‘जय सांगा’ का उद्घोष हो, यही हमारा संकल्प है।

खैरा गांव में मुखिया प्रतिनिधि परमानंद सिंह के दरवाजे पर ग्रामीणों ने श्री रूडी का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशील सिंह ने उन्हें तलवार भेंट कर साफा, चादर व माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी और ‘जय सांगा’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।

अपने संबोधन में सांसद रूडी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजपूत समाज के पास आज कोई सर्वमान्य नेता नहीं है। दूसरी जातियों में नेतृत्व की एकता दिखती है, पर राजपूत समाज बिखरा हुआ है। उन्होंने कहा कि “जो समाज एकजुट नहीं होता, उसे न तो सत्ता में भागीदारी मिलती है और न ही नेतृत्व। अब हमें वोट के बदले गारंटी चाहिए—सिर्फ आश्वासन नहीं।”

उन्होंने यह भी कहा कि “जय श्रीराम” का नारा हम सभी को प्रिय है, लेकिन राजपूत समाज को अब “जय सांगा” के नारे के साथ अपनी अस्मिता को फिर से स्थापित करना होगा। यदि हम संगठित हुए, तो न केवल पहचान मजबूत होगी, बल्कि अगली पीढ़ी के लिए नेतृत्व का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

कार्यक्रम में रोहित सिंह, अजय सिंह, सुरेश सिंह, प्रो. नरेंद्र सिंह, बालेंद्र सिंह, राम कुमार सिंह, मोहन सिंह, रणजीत सिंह, नवल सिंह, जितेंद्र सिंह, बालेश्वर सिंह, ज्ञान प्रकाश सिंह, गोविंद प्रकाश सिंह, राजकुमार सिंह, चंदन सिंह, अमरनाथ सिंह, रिंकू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व वरिष्ठ जन मौजूद रहे।

