
लहेरियासराय से सहरसा तक नई रेल लाइन को मिली मंजूरी : सांसद।
दरभंगा: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बिहार दौरा मिथिला खासकर दरभंगा के लिए वरदान साबित हुआ। समस्तीपुर मंडल रेल कार्यालय में हुई बैठक में रेल मंत्री ने लहेरियासराय से सहरसा तक 95 किलोमीटर और लहेरियासराय से मुजफ्फरपुर तक 66 किलोमीटर नई रेल लाइन को मंजूरी देने की सहमति दी।

दरभंगा से लखनऊ और अमृतसर से दरभंगा होकर सहरसा तक नई अमृत भारत ट्रेन की घोषणा भी की गई। सर्किट हाउस में प्रेस को संबोधित करते हुए सांसद ने बताया कि 2376 करोड़ की लागत से बनने वाली लहेरियासराय-सहरसा रेल लाइन में कोसी नदी पर हाई लेवल पुल, 14 बड़े पुल, 41 छोटे पुल, 72 अंडरपास और 10 स्टेशन बनेंगे।

इस रेल लाइन का 70 किलोमीटर हिस्सा दरभंगा संसदीय क्षेत्र में आएगा। लहेरियासराय से मुजफ्फरपुर तक बनने वाली 66 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पर 1213 करोड़ खर्च होंगे। इसमें 4 स्टेशन और 3 हाल्ट बनेंगे। निर्माणाधीन एम्स के पास बनने वाला स्टेशन अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार से आने वाले मरीजों को इलाज में सुविधा देगा।

बताया कि 6.16 करोड़ की लागत से बने लहेरियासराय लो कॉस्ट ओवरब्रिज को रेल मंत्री के निर्देश पर डीआरएम ने चालू कर दिया है। दरभंगा से लखनऊ और अमृतसर से दरभंगा होकर सहरसा तक चलने वाली ट्रेन से दिल्ली और पंजाब जाने वाले को सुविधा मिलेगी।


