
लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, तीन गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में ऑटो चालक से हुई 40 हजार रुपए की लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। ग्रामीण एसपी आलोक कुमार ने प्रेसवार्ता कर इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि वारदात में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने उनके पास से बाइक, चाकू, सोने का लॉकेट और 120 रुपए नगद बरामद किया है। ऑटो चालक से चाकू की नोक पर लूटघटना 28 सितंबर की है। निमैठी चौक स्थित पशु अस्पताल के सामने बाइक सवार तीन अपराधियों ने ऑटो चालक दुर्गा महतो से चाकू दिखाकर 40 हजार रुपए लूट लिए थे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई थी, जिसमें थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता, एएसआई रौशन कुमार और रंजन कुमार शामिल थे। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपराधियों को दबोच लिया।


