
विधान परिषद दरभंगा स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची जारी – 34,608 स्नातक और 2,901 शिक्षक मतदाता।
दरभंगा: बिहार विधान परिषद 05 दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम निर्वाचक सूची बुधवार को प्रकाशित की गई। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक जिलाधिकारी सभाकक्ष में आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 05 दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जिले के कुल मतदाता संख्या 34,608 है, जिनमें 25,099 पुरुष, 9,505 महिला और 4 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाता 2,901 हैं, जिनमें 2,228 पुरुष और 673 महिला मतदाता हैं।दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद तैयार की गई अंतिम निर्वाचक सूची की प्रति सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सूची को सभी नामित स्थलों पर प्रदर्शित कर दिया गया है। यह सूची सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है, जिसका अवलोकन कोई भी नागरिक कर सकता है।
बैठक में सहायक समाहर्ता के. परीक्षित, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। राजनीतिक दलों की ओर से राहुल कुमार कर्ण, मुकुंद चौधरी, रामदेव राय, सत्यनारायण पासवान आदि शामिल हुए।

