
शिवराज सिंह का मिथिला प्रेम: बोले– यह धरती है अद्भुत, बार-बार लौटने का करता है मन।
दरभंगा: केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को विशेष विमान से दिल्ली से सीधे दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचे। मिथिला की पावन धरती पर कदम रखते ही उन्होंने कहा, “इस पवित्र धरती पर बार-बार आने का मन करता है। पास में ही पूसा कृषि अनुसंधान विश्वविद्यालय है, जहां के दीक्षांत समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है, उसी में भाग लेने जा रहा हूं।”

दरभंगा एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक मिथिला रीति-रिवाज के अनुसार पाग और चादर पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से समस्तीपुर के पूसा के लिए रवाना हो गए।

पत्रकारों से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे पांच साल काम करती है—पहले भी काम किया और आगे भी करती रहेगी। बिहार में 125 यूनिट बिजली फ्री देने की घोषणा तथा अन्य लोकलुभावन फैसलों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने संक्षेप में कहा, “इसका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। राजनीतिक बयान समस्तीपुर में दूंगा।”

केंद्रीय कृषि मंत्री ने मिथिला और दरभंगा को नमन करते हुए कहा, “यह धरती अद्भुत है। पास में ही पूसा है, जहां कृषि अनुसंधान का जन्म हुआ। आज उसी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिला है। मिथिलांचल को प्रणाम।”

बता दें कि समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में गुरुवार को चौथे दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ है। 2023-24 सत्र में उत्तीर्ण करीब 800 विद्यार्थियों को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 14 मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा।

समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों व उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया।


