
शोभन से एकमी घाट तक बनेगी फोर लेन सड़क, एम्स के लिए अलग अप्रोच पथ।
दरभंगा: शोभन से एकमी घाट तक जाने वाली टू लेन सड़क अब फोर लेन में अपग्रेड होगी। करीब 10 किमी लंबे इस सड़क खंड पर 338 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके साथ ही दरभंगा एम्स तक पहुंचने के लिए एक किलोमीटर लंबा एप्रोच पथ बनाया जाएगा। इसके लिए बहादुरपुर, हनुमाननगर और हायाघाट अंचल के 14 मौजा से कुल 92.8950 एकड़ भूमि अधिग्रहण की जाएगी।

दरभंगा एम्स का यह अप्रोच पथ शोभन के पास बालिया मौजा से एनएच-27 को सीधे लहेरियासराय से जोड़ेगा। अमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे के शोभन-एकमी घाट खंड पर सड़क चौड़ीकरण के लिए 80-90 प्रतिशत जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। अब टेंडर जारी होने से प्रोजेक्ट के तेजी से आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद ने बताया कि फोर लेन निर्माण और एम्स पहुंच पथ को लेकर अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।

सीएम ने प्रगति यात्रा में दी थी स्वीकृति
इस परियोजना को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 5 फरवरी को प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृति दी थी। इसके निर्माण से दरभंगा एम्स आने-जाने वाले मरीजों और परिजनों को जाम से राहत मिलेगी। स्थानीय लोग इस फोर लेन स्वीकृति का स्वागत कर रहे हैं, हालांकि योजना को स्वीकृति मिले चार माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कार्य प्रारंभ न होने से हल्की मायूसी भी देखी जा रही है।


