Home Featured सरकारी तालाब भरने का आरोप, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी ने की तत्काल कार्रवाई की मांग।
Featured - मुख्य - 5 days ago

सरकारी तालाब भरने का आरोप, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी ने की तत्काल कार्रवाई की मांग।

दरभंगा: शहर के वार्ड-20 स्थित मिर्जापुर सकमापुल, गिरी जी स्टैंड के पीछे सरकारी तालाब को कथित रूप से रात के अंधेरे में मिट्टी-बालू से भरने का मामला सामने आया है। पूर्व विधायक अमरनाथ गामी ने इस मामले को लेकर जिला प्रशासन, भूमि-राजस्व विभाग, अंचलाधिकारी और दरभंगा SSP का ध्यान आकृष्ट कराया है।

पूर्व विधायक के अनुसार संबंधित तालाब खेसरा संख्या 8369, 7935 तथा 19084 से 19094 में स्थित है। उनका आरोप है कि कुछ भू-माफिया रात के समय ट्रैक्टर से बालू-मिट्टी गिराकर तालाब को भरने का प्रयास कर रहे हैं। स्थानीय लोगों द्वारा इसका विरोध करने पर कथित तौर पर उन्हें धमकी भी दी जा रही है। इससे क्षेत्र में कभी भी विधि-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है।

Advertisement

अमरनाथ गामी ने सरकारी जलस्रोतों की सुरक्षा को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के Jagpal Singh Vs Punjab, 2011 (11) SCC 396 के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि तालाब की जमीन को संरक्षित किया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से तालाब की कथित भराई पर तत्काल रोक लगाने, संबंधित खेसरा नंबरों के आधार पर स्थल की पैमाइश कराने तथा रात के समय पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने तालाब को जल-जीवन-हरियाली मिशन के तहत संरक्षित एवं उराही कराने की मांग रखी है।

Advertisement

पूर्व विधायक ने स्थानीय लोगों से भी तालाब को बचाने के लिए सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन की ओर से समय रहते कार्रवाई नहीं होती है तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष का रास्ता अपनाया जाएगा।

हालांकि, तालाब भरने और भू-माफिया द्वारा कब्जे के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में प्रशासन और पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

आपका सहयोग हमारी ताकत
Share