Home Featured सादे लिवास में ड्यूटी और पंजियों में गड़बड़ी, पतोर थानाध्यक्ष निलंबित।

सादे लिवास में ड्यूटी और पंजियों में गड़बड़ी, पतोर थानाध्यक्ष निलंबित।

दरभंगा: वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा 24 जुलाई 2025 को पतौर थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष की लापरवाही और थाना में रखे जाने वाले पंजियों की अनियमितता उजागर हुई। इस गंभीर कर्तव्यहीनता के आधार पर पतौर थानाध्यक्ष शिवनारायण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केन्द्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है।

Advertisement

बताया गया कि वरीय पुलिस अधीक्षक ने दिन के लगभग 3:30 बजे थाना पहुंचकर विभिन्न पंजियों की जांच की। इस दौरान थानाध्यक्ष सादे लिवास में पाए गए। आगंतुक पंजी, थाना दैनिकी, सम्मन पंजी, अजमानतीय व जमानतीय वारंट पंजी, मालखाना, हाजत, गिरफ्तारी तथा ओडी पंजी में कई खामियां पाई गईं।

Advertisement

जांच में पाया गया कि आगंतुक पंजी में तीन आवेदनों के बावजूद मात्र एक की प्रविष्टि की गई थी और उसमें भी जांच पदाधिकारी का नाम दर्ज नहीं था। थाना दैनिकी में केवल सुबह 8 बजे तक की प्रविष्टि की गई थी, उसके बाद कोई अद्यतन नहीं किया गया। सम्मन पंजी में तामिला का हस्ताक्षर नहीं था जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि सम्मन की प्राप्ति हुई या नहीं।

Advertisement

इसी प्रकार अजमानतीय और जमानतीय वारंट पंजी में अद्यतन प्रविष्टि नहीं की गई थी। मालखाना पंजी में भी 30 जून 2025 के बाद कोई प्रविष्टि नहीं पाई गई। हाजत और गिरफ्तारी पंजी में 26 मार्च 2025 के बाद से कोई रिकॉर्ड दर्ज नहीं किया गया था। वहीं ओडी ड्यूटी के लिए पदाधिकारियों का नाम तो लिखा गया, लेकिन उनके हस्ताक्षर नहीं किए गए थे।

Advertisement

वरीय पुलिस अधीक्षक ने इसे घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और आदेशों की अवहेलना मानते हुए तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष शिवनारायण कुमार को जीवन यापन भत्ते पर निलंबित कर दिया।

Advertisement
Share