
सिनुआर गोपाल में परंपरागत श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुई राजा सलहेस पूजा, उमड़ा आस्था का सैलाब।
दरभंगा: हरिपट्टी पंचायत अंतर्गत सिनुआर गोपाल गांव में शुक्रवार को राजा सलहेस पूजा का भव्य आयोजन श्रद्धा और परंपरा के साथ संपन्न हुआ। राजा सलहेस पूजा समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में पासवान समाज सहित अन्य वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। ग्रामीणों ने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए अपने कुल देवता राजा सलहेस की विधिवत पूजा-अर्चना की।

प्रतिवर्ष सावन महीने में आयोजित होने वाली इस पारंपरिक पूजा में इस वर्ष भी विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजन को विशेष रूप देने के लिए दूरदराज के सिद्धि प्राप्त भगतों को आमंत्रित किया गया था। बेनीपुर प्रखंड के बहेड़ा निवासी अरुण पासवान और समस्तीपुर जिले के सिंघिया से मानर मिरदंग वादक भी शामिल हुए, जिन्होंने पारंपरिक विधि-विधान और धार्मिक खेल-प्रदर्शन कर पूजा स्थल को भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित कर दिया।

पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि यह पूजा सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज की एकता और परंपरा को सहेजने का अवसर भी है।

स्थानीय निवासी फकीर पासवान ने बताया कि “राजा सलहेस हमारे आराध्य हैं। उनकी पूजा से समाज का कल्याण होता है।” वहीं संतोष पासवान ने कहा कि “साल में एक बार हम अपने कुल देवता को याद करते हैं ताकि परिवार पर उनका आशीर्वाद बना रहे।”

लक्ष्मण कुमार पासवान ने कहा, “हमारे कुलदेवता हमारी आस्था के केंद्र हैं। उनकी स्मृति में आयोजित यह पूजा हमारी संस्कृति और पहचान का प्रतीक है।” किशोरी पासवान ने विश्वास जताया कि “राजा सलहेस की कृपा से समाज तरक्की की राह पर अग्रसर है।” दिलीप पासवान ने भी पूर्वजों की परंपराओं को जीवित रखने का आह्वान किया।
इस धार्मिक आयोजन में हरिपट्टी पंचायत के मुखिया कैलाश बाबा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं आसपास के गांवों के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन में ग्रामीणों ने मिलकर पूजा को सफल बनाया और समाज की एकजुटता का परिचय दिया। पूरे दिन पूजा स्थल पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। राजा सलहेस के जयकारों से गांव की गलियां गूंजती रहीं।

