Home Featured स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर लूट की गुत्थी सुलझी, एक अपराधी गिरफ्तार।

स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर लूट की गुत्थी सुलझी, एक अपराधी गिरफ्तार।

दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ा पुरानी बाजार में स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर लूट की घटना का दरभंगा पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस बाइक और एक मोबाइल भी बरामद किया गया है।

Advertisement

घटना 12 जून 2025 की है, जब भरवाड़ा बाजार स्थित सुरेश ठाकुर की आभूषण दुकान में घुसकर अज्ञात अपराधियों ने व्यवसायी को गोली मार दी थी। घायल व्यवसायी के बेटे शशि ठाकुर के लिखित आवेदन पर सिंहवाड़ा थाना में कांड संख्या 153/25 दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2)/311 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।

Advertisement

कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2), पुलिस निरीक्षक कमतौल, सिंहवाड़ा और सिमरी थाना के थानाध्यक्ष, तकनीकी शाखा के अधिकारी एवं अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।

Advertisement

जांच के क्रम में पुलिस ने तकनीकी और मानवीय पहलुओं पर काम करते हुए सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। इसी आधार पर पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजघाट निवासी विधायक कुमार दास (पिता नंदलाल दास) को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

Advertisement

गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस को जानकारी मिली है कि गिरफ्तार अपराधी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में कटरा थाना क्षेत्र में शस्त्र अधिनियम के तहत उसके विरुद्ध कांड संख्या 425/22 दर्ज है। अन्य थानों से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस ने बताया कि इस डकैती कांड में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा है कि दरभंगा पुलिस जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share