Home Featured अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, दूसरे दिन भी चला बुलडोजर; 19 पर चालान।

अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, दूसरे दिन भी चला बुलडोजर; 19 पर चालान।

दरभंगा: नगर पंचायत कमतौल की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बाजार क्षेत्र में बुलडोजर से कार्रवाई की गई। इससे पहले 3 जनवरी को भी अतिक्रमण हटाया गया था।

Advertisement

मंगलवार की कार्रवाई का नेतृत्व नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी प्रिंसी कुमारी ने किया।अभियान बालिका मध्य विद्यालय के पास से शुरू होकर कमतौल चौक, गांधी चौक, कमतौल बाजार चौक होते हुए पीएनबी चौक तक चलाया गया। इस दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।

Advertisement

नगर पंचायत के अनुसार, कार्रवाई के दौरान स्थायी अतिक्रमण करने वाले 19 लोगों पर प्रति व्यक्ति 2000 रुपये की दर से कुल 38000 रुपये का चालान काटा गया। साथ ही अतिक्रमणकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।

Advertisement

प्रशासन ने चेतावनी दी कि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर बुलडोजर से हटाया जाएगा और हटाने में होने वाले खर्च की वसूली संबंधित लोगों से की जाएगी।

कार्यपालक पदाधिकारी प्रिंसी कुमारी ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अमीनों की ओर से नापी कर चिह्नांकन कराया जाएगा, जिसके बाद अतिक्रमणकारियों को निश्चित अवधि दी जाएगी। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं जिन स्थानों से अतिक्रमण हट चुका है, वहां दोबारा अतिक्रमण करने पर पकड़े जाने की स्थिति में जुर्माना लगाया जाएगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां कई स्थानीय लोगों ने बाजार में आवाजाही सुगम होने और व्यवस्था बहाल होने पर संतोष जताया है, वहीं अभियान को लेकर विरोध के स्वर भी सामने आने लगे हैं। स्थानीय राम कुमार ठाकुर ने आरोप लगाया कि बिना नापी कराए ही तोड़फोड़ शुरू कर दी गई, जो गलत है। उन्होंने कहा कि पहले यह स्पष्ट किया जाना चाहिए था कि सरकारी जमीन कहां तक है और निजी जमीन कहां से शुरू होती है। उनका आरोप है कि बिना स्पष्ट मार्किंग और विधिवत पूर्व सूचना के ही कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इसे “सरासर गलत” बताते हुए मनमानी करार दिया।

Share