
अवैध रूप से चल रहे सूर्या इमरजेंसी क्लिनिक को किया गया सील।
दरभंगा: बहेरी बाजार स्थित मनोकामना मंदिर के पास अवैध रूप से चल रहे सूर्या इमरजेंसी क्लिनिक को बुधवार को सील कर दिया गया। कार्रवाई दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी धनश्री बाला के नेतृत्व में हुई। 14 मई को इसी क्लिनिक में सीजेरियन ऑपरेशन के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई थी।

मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। घटना के बाद से क्लिनिक संचालक और डॉक्टर फरार हैं। उन्होंने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। सीएचसी प्रभारी डॉ बीडी महतो ने थाने में आवेदन देकर क्लिनिक संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। इसके बाद क्लिनिक को सील कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान सीएचसी मैनेजर सतीश चंद्र पांडे, थानाध्यक्ष वरुण कुमार गोस्वामी और पुलिस बल मौजूद था। इसके बाद पास के मिथिलांचल हॉस्पिटल की भी जांच की गई। वहां इलाजरत प्रसूता से पूछताछ में डॉ. महेश पासवान का पुर्जा मिला। लेकिन रजिस्ट्रेशन डॉ आरएस राय के नाम से था। मौके पर डॉ राय मौजूद नहीं थे। बहेड़ी बाजार में डॉक्टर आर एस राय के नाम से 8 से 10 क्लिनिक और जांच घर चल रहे हैं। सीएचसी प्रभारी ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


