
अवैध विदेशी शराब के साथ कार जब्त, चालक गिरफ्तार ।
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर दरभंगा जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 164.160 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ एक कार को जब्त किया गया है। इस दौरान वाहन चालक को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।

शराब तस्करी और होम डिलीवरी पर नकेल
सहायक आयुक्त मद्यनिषेध ने बताया कि जिले के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी और गश्ती अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शराब की होम डिलीवरी और अवैध बिक्री करते हुए दो अन्य व्यक्तियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पूर्ण शराबबंदी पर प्रशासन सख्त
सहायक आयुक्त ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके तहत शराब का क्रय-विक्रय, भंडारण और परिवहन करना बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 (यथासंशोधित) के अंतर्गत गंभीर अपराध है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


