
इंदिरा कॉलोनी में ट्रांसफॉर्मर की क्षमता दोगुनी, बिजली उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत।
दरभंगा: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते बिजली लोड के कारण बहादुरपुर प्रखंड अंतर्गत इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में बिजली की समस्या विकराल होती जा रही थी। गली नंबर-1 के समीप लगे 100 केवी के ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त भार के कारण बार-बार फ्यूज जलने और ट्रांसफार्मर फेल होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इससे क्षेत्र के लोगों को नियमित बिजली आपूर्ति में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए विद्युत अधीक्षण अभियंता, दरभंगा अजय कुमार ने तत्परता दिखाते हुए समाधान की दिशा में कदम उठाया। उन्होंने इंदिरा कॉलोनी के उक्त स्थल पर पुराने 100 केवी ट्रांसफार्मर के स्थान पर क्षमता दोगुनी करते हुए 200 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगवाया।

इस कार्य से स्थानीय उपभोक्ताओं को न केवल बार-बार की ट्रिपिंग और बिजली कटौती से राहत मिली, बल्कि स्थायी समाधान की दिशा में इसे एक अहम पहल माना जा रहा है। आम नागरिकों ने बिजली विभाग के इस सक्रिय और संवेदनशील रवैए की सराहना की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अब उन्हें निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल रही है, जिससे जीवनयापन और बच्चों की पढ़ाई पर भी सकारात्मक असर पड़ा है। विभाग की तत्परता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्रवाई के लिए स्थानीय जनता ने विद्युत अधीक्षण अभियंता कुमार और उनकी टीम के प्रति आभार प्रकट किया है।


