
इजरायल में रोजगार का सुनहरा अवसर: देखभाल सेवा के लिए पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित।
दरभंगा: विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। सहायक निदेशक, प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा ने जानकारी दी है कि बिहार राज्य समुद्र पार ब्यूरो, पटना के माध्यम से इजरायल में घरेलू देखभाल सेवा (होम केयर) हेतु पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों की भर्ती की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थियों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही, अभ्यर्थियों को मध्यवर्ती स्तर की अंग्रेजी भाषा में दक्षता होनी चाहिए।

वे अभ्यर्थी जिन्होंने किसी भारतीय प्रशिक्षण संस्थान से नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स सहायक या दाई का प्रशिक्षण प्राप्त किया हो अथवा जिनके पास जीडीए, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बीएससी नर्सिंग की योग्यता है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह लगभग ₹1,61,586 का वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त मेडिकल इंश्योरेंस, आवास और भोजन की सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। अभ्यर्थियों की ऊंचाई कम से कम 1.5 मीटर और वजन न्यूनतम 45 किलोग्राम होना आवश्यक है।
महत्वपूर्ण शर्तें:
अभ्यर्थी ने पहले कभी इजरायल में कार्य न किया हो।
अभ्यर्थी के जीवनसाथी, माता-पिता या संतान वर्तमान में इजरायल में न रहते हों।
अभ्यर्थी शारीरिक एवं मानसिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ हों।
इस संबंध में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला नियोजनालय, दरभंगा में उपस्थित होकर आवेदन कर सकते हैं।


