
ई-शिक्षाकोष में गड़बड़ी, शिक्षकों द्वारा फर्जी हाजिरी लगाने की डीएम से की शिकायत।
दरभंगा: जिले के केवटी प्रखंड के +2 आर.एस. गर्ल्स हाई स्कूल, केवटी बनवारी में ई-शिक्षकोष पोर्टल और उपस्थिति पंजी में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। मंगलवार को जिलाधिकारी के कार्यालय में ग्रामीणों द्वारा दिये गए आवेदन में प्रभारी प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश भारती पर आरोप है लगाया गया है कि वे बिना स्कूल आए फोटो के जरिए अपनी और अन्य शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज कराते हैं। स्कूल आने पर ही वे उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करते हैं।

शिकायत में भोला साह, रामचंद्र प्रसाद,उमेश प्रसाद सही आधा दर्जन ग्रामीणों ने कहा कि कई बार इस गड़बड़ी की जानकारी दी गई, लेकिन सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि ‘ड्यूटी पर’ विकल्प का भी गलत इस्तेमाल हो रहा है। शिकायतकर्ताओं ने इससे संबंधित साक्ष्य भी संबंधित पदाधिकारी को उपलब्ध करवाने का दावा किया है, जिनसे ई-शिक्षकोष में हेराफेरी की पुष्टि होती है।

जिन शिक्षकों पर आरोप लगे हैं, उनमें ओम प्रकाश भारती (जनवरी, फरवरी, मार्च, मई), विवेकानंद झा (अप्रैल, मई), मो. अफताब आलम अंसारी (ड्यूटी पर, इन और आउट चेक), सुमन कुमारी सोनी (22 और 28 अप्रैल), रंजना भौर्य और अर्चना कुमारी (24 से 27 मार्च और 26 से 28 अप्रैल) शामिल हैं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन सभी की उपस्थिति प्रभारी प्रधानाध्यापक के निर्देश पर राम ललन यादव दर्ज करते हैं। श्री यादव का घर स्कूल के पास है, जिससे उन्हें यह सुविधा मिलती है।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी राजीव रौशन को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह स्थिति स्कूल के शैक्षणिक अनुशासन और पारदर्शिता के लिए नुकसानदायक है।

