
उजुवा में नदी थाने का शुभारंभ, डीएम-एसएसपी ने किया उद्घाटन।
दरभंगा: बिरौल अनुमंडल अंतर्गत उजुवा में रविवार को बहुप्रतीक्षित नदी थाने का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि नए थाने के क्रियान्वयन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा लोगों को त्वरित पुलिस सहायता मिलेगी। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने थाने की स्थापना को क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति एवं जनसुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह थाना नागरिकों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने नवपदस्थापित थानाध्यक्ष को जनसहयोग के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की सलाह दी और उम्मीद जताई कि उजुवा नदी थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था को नई मजबूती देगा।


