
उड़ान नहीं, अपमान मिला: स्पाइसजेट की लापरवाही से यात्री बेहाल।
दरभंगा: एयरपोर्ट पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 447 को अचानक रद्द कर दिया गया। निर्धारित समयानुसार यह फ्लाइट सुबह 11:40 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन करीब नौ घंटे तक यात्रियों को इंतजार कराने के बाद शाम में बिना किसी पूर्व सूचना के इसे रद्द कर दिया गया। इस घटनाक्रम से नाराज़ यात्रियों ने एयरपोर्ट परिसर में जमकर हंगामा किया।

यात्रियों का आरोप है कि उन्हें लगातार गुमराह किया गया और कई बार फ्लाइट के उड़ान भरने का आश्वासन दिया गया। लेकिन न कोई स्पष्ट सूचना दी गई और न ही कोई विकल्प मुहैया कराया गया। यात्रियों ने एयरलाइंस प्रबंधन पर झूठ बोलने और अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि न तो होटल की व्यवस्था की गई, न ही परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

मधुबनी जिले के रघोली गांव से आई एक महिला यात्री ने बताया, “मैं सुबह से यहां हूं। 8-10 घंटे इंतजार के बाद फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। न कोई क्रू मेंबर मिला, न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी। सिर्फ नूडल्स देकर खानापूर्ति की गई। एयरपोर्ट शहर से दूर है, महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं है। अब कहा जा रहा है कि रातभर एयरपोर्ट पर ही रुकें या बाहर निकल जाएं।”

एक बुजुर्ग मरीज ने बताया कि वह मधुबनी के बेनीपट्टी से इलाज के लिए दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने कहा, “दिल्ली में अपॉइंटमेंट लिया था, लेकिन फ्लाइट रद्द होने से हम वहां समय पर नहीं पहुंच सके। स्पाइसजेट की यह मनमानी है। यात्रियों को कोई सुविधा नहीं दी गई। होटल में रूम दिलाने की मांग पर स्टाफ ने साफ कहा कि हमारे पास पैसे नहीं हैं।”

यात्रियों ने बताया कि सुबह 9 बजे से बिना खाए-पिए वे एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे। ऑनलाइन होटल बुकिंग की कोशिश भी की गई, लेकिन दरभंगा में होटल उपलब्ध नहीं थे। इस पूरी घटना में एयरलाइन स्टाफ का व्यवहार भी बेहद गैरजिम्मेदाराना बताया गया।
फिलहाल, यात्री फ्लाइट रद्द होने की स्थिति में मुआवजे और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। मामले को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन और स्पाइसजेट प्रबंधन की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है।

