
उपराष्ट्रपति पद के लिए सीपी राधाकृष्णन का चयन सराहनीय : सांसद।
दरभंगा: भाजपा सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को अग्रिम पंक्ति में लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की एनडीए सरकार लगातार ऐतिहासिक पहल कर रही है। उपराष्ट्रपति पद के लिए सीपी राधाकृष्णन जैसे योग्य, अनुभवी और दक्ष राजनीतिज्ञ का उम्मीदवार के रूप में चयन इसी पहल का ज्वलंत उदाहरण है।

सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि एनडीए गठबंधन के इस निर्णय का समर्थन करना कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों की जिम्मेदारी है, ताकि स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम रहे। उन्होंने सीपी राधाकृष्णन को बहुआयामी व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि वे एक सफल राजनीतिज्ञ व कुशल संगठनकर्ता हैं।

तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में राधाकृष्णन ने संगठन को मजबूत आधार दिया था, वहीं कई राज्यों में राज्यपाल रहते हुए उनके प्रशासकीय अनुभव की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर रही। सांसद ने उन्हें संघ का सच्चा स्वयंसेवक बताते हुए कहा कि देशप्रेम की भावना के कारण मात्र 16 वर्ष की उम्र में ही वे आरएसएस से जुड़कर समाजसेवा में सक्रिय हो गए थे।

डॉ. ठाकुर ने विश्वास जताया कि राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद पर रहते हुए अपने अनुभव और संगठन क्षमता से देश को नई दिशा देंगे।


