Home Featured एक्सटेंशन वायर की चपेट में आई किशोरी, मौके पर ही मौत

एक्सटेंशन वायर की चपेट में आई किशोरी, मौके पर ही मौत

दरभंगा: नगर थाना क्षेत्र के भगवानदास मोहल्ले में सोमवार की सुबह करंट लगने से 15 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान स्व. नवीन कुमार चुग की पुत्री मनीषा कुमारी के रूप में की गई है। मूल रूप से समस्तीपुर के मारवाड़ी बाजार मोहल्ले की रहने वाली मनीषा अपनी बुआ वंदना सिंह के साथ भगवानदास मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही थी।

Advertisement

घटना के संबंध में बुआ वंदना सिंह ने बताया कि वे अपने बेटे की पढ़ाई के सिलसिले में दरभंगा में किराए पर रह रही हैं। मनीषा अपने माता-पिता की मृत्यु के बाद उन्हीं के साथ रहने लगी थी। सोमवार की सुबह जब वे स्नान कर रही थीं, तभी कमरे से मनीषा की चीखने की आवाज आई। दौड़कर पहुंचीं तो देखा कि मनीषा का हाथ बिजली के एक्सटेंशन वायर से चिपका हुआ था।

Advertisement

वंदना सिंह ने बताया कि उनके बेटे ने तत्क्षण बिजली का स्विच बंद किया, लेकिन तब तक मनीषा की हालत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

सूचना मिलते ही स्थानीय वार्ड पार्षद नवीन सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि किशोरी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

Advertisement

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से मोहल्ले में शोक का माहौल व्याप्त है।

Share