Home Featured एक ही व्यक्ति को लगातार सत्ता में रखने से बदलाव नहीं आता, अब नीतीश जी के रिटायरमेंट का समय आ गया है : पुष्पम प्रिया।
Featured - मुख्य - May 21, 2025

एक ही व्यक्ति को लगातार सत्ता में रखने से बदलाव नहीं आता, अब नीतीश जी के रिटायरमेंट का समय आ गया है : पुष्पम प्रिया।

दरभंगा: प्लुरल्स पार्टी की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने सीएम नीतीश कुमार को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हर चीज की एक एक्सपायरी डेट होती है। 20 साल से वही सरकार है। इसलिए सिस्टम चौपट हो गया है। एक ही व्यक्ति को लगातार सत्ता में रखने से बदलाव नहीं आता। अब नीतीश जी का रिटायरमेंट का समय आ गया है।

Advertisement

उनके चेहरे पर चुनाव लड़ना जनता को गुमराह करना है। अब जनता को सेकेंड जेनरेशन का नेता चाहिए। अगर उन्हें कुछ हो गया तो कौन नेतृत्व करेगा?

Advertisement

एनडीए में मुख्यमंत्री की वैकेंसी नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का अपमान है। नीतीश जी ने जो दिया, उसके लिए सम्मान है। अब उन्हें आराम करने देना चाहिए। ये बातें उन्होंने दरभंगा नगर निगम की महापौर से मुलाकात के बाद कही।

Advertisement

प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 2020 में उन्होंने कहा था कि राजनीति नहीं करेंगे। अब वही राजनीति कर रहे हैं। हमने नए लोगों को राजनीति में लाया। अब वो दूसरे दलों से निकले लोगों को अपनी पार्टी में ला रहे हैं। ऐसे लोग विकल्प नहीं हो सकते।

Advertisement

उन्होंने कहा कि दरभंगा से एक मजबूत आवाज की कमी हो गई है। अब उस आवाज को बुलंद करना है। सीता की ताकत को बिहारवासियों को दिखाना है।

गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि अभी कहना मुश्किल है। अगर कोई ऐसा गठबंधन बनता है जिसमें बिहार के लिए विजन हो, तो विचार किया जाएगा। 2020 में जो विजन पेश किया था, वही आधार होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी दो बातों पर गंभीर है, क्रिमिनल्स से दूरी और साफ विजन। सभी पार्टियों में अपराधी हैं। अगले 10 साल के लिए जो पार्टी साफ विजन के साथ आएगी, उसी के साथ जाएंगे। जाति या धर्म विरोधी नहीं हैं। हमारे लिए सिर्फ विजन जरूरी है।

कहा कि दरभंगा मेरा घर है। यहां आने-जाने के लिए किसी अनुमति की जरूरत नहीं। मैं हमेशा लोगों के बीच रही हूं और रहूंगी। चुनाव के समय पार्टी की गतिविधियां बढ़ती है। इस बार बदलाव का मिशन लेकर आएंगे। 2020 से पहले कोई बदलाव की बात नहीं करता था। अब सभी बदलाव की बात कर रहे हैं। हमें पूरा सिस्टम बदलना है। मुख्यमंत्री की उम्र की बात नहीं है, सिस्टम की बात है।

उन्होंने कहा कि बिहार की सभी सीटों पर तैयारी है। गठबंधन हुआ तो सभी सीटों पर नहीं लड़ेंगे, लेकिन तैयारी पूरी है।

इसके अलावा पुष्पम प्रिया ने नगर निगम की कार्यप्रणाली, जनसुविधाओं की स्थिति, जलजमाव, कूड़ा प्रबंधन, यातायात और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने महापौर से जानकारी ली कि शहर में विकास कार्य कैसे हो रहे हैं और प्रशासन को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

पुष्पम प्रिया ने कहा कि नगर निगम शहर की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसलिए वह जानना चाहती थीं कि महापौर को क्या चुनौतियां आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि पिछली बार चुनाव में कोविड के कारण तैयारी का समय नहीं मिला था। सिर्फ 2 हफ्ते का वक्त मिला था। फिर भी सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार अनुभव ज्यादा है। समस्याओं को समझा है। अब समाधान की दिशा में काम करेंगे। इस बार सदन तक पहुंचने का प्रयास रहेगा। ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

महापौर अंजुम आरा ने बताया कि पुष्पम प्रिया नगर निगम की योजनाओं और शहर में हो रहे विकास की जानकारी लेने आईं थीं। उन्होंने अतिक्रमण, जाम और अन्य समस्याओं पर भी बात की। महापौर ने कहा कि शहर में जो विकास हो रहा है, उसकी जानकारी उन्हें दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किन कारणों से काम में रुकावटें आ रही हैं।

Share