
एनएच-27 का जल्द होगा नवीनीकरण, दरभंगा में 60 किमी सड़क की बदलेगी तस्वीर: सांसद।
दरभंगा: भाजपा सांसद सह लोकसभा में पार्टी सचेतक डॉ. गोपालजी ठाकुर ने बताया कि पूर्वी-पश्चिमी कॉरिडोर के नाम से प्रसिद्ध राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-27 (पूर्व संख्या-57) का नवीनीकरण कार्य अगले माह से प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि यह योजना देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से मिथिला को मिली ऐतिहासिक सौगात रही है। अब इसके पुनर्निर्माण से एक वर्ष के भीतर इस मार्ग की पूरी तस्वीर बदल जाएगी।

सांसद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग के नवीनीकरण के लिए भारत सरकार के एनएचएआई द्वारा 224.12 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कर दी गई है तथा सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। इस योजना के तहत मुजफ्फरपुर से लेकर सुपौल सीमा तक लगभग 145 किलोमीटर लंबाई में कार्य होगा, जिसमें दरभंगा जिले के लगभग 60 किलोमीटर हिस्से का नवीनीकरण शामिल है।उन्होंने कहा कि एनएच-27 को मिथिला क्षेत्र की “लाइफ लाइन रोड” माना जाता है। इसकी जर्जर स्थिति को देखते हुए उन्होंने लोकसभा में नियम 377 के तहत मामला उठाया था और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर नवीनीकरण की मांग की थी, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने हैं।
सांसद ने यह भी बताया कि एनएचएआई इस परियोजना के तहत दुर्घटनाप्रवण बिंदुओं पर सभी सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करेगा। जरूरत के अनुसार कई स्थानों पर सर्विस रोड का निर्माण भी प्रस्तावित है।डॉ. ठाकुर ने बताया कि उन्होंने गडकरी से एनएच-27 के नवीनीकरण के साथ-साथ पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर–सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे, और आमस–दरभंगा एक्सप्रेस-वे को ध्यान में रखते हुए मिथिला क्षेत्र में एक लॉजिस्टिक पार्क स्थापित करने का आग्रह भी किया है। इसके अलावा उन्होंने दरभंगा की बढ़ती महत्ता को देखते हुए आउटर रिंग रोड, विभिन्न लिंक सड़कों और भारतमाला परियोजना से कनेक्टिविटी मजबूत करने के मुद्दे पर भी विस्तृत चर्चा की थी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रस्तावित परियोजनाओं का सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही दिखाई देगा।

