
एनएच-27 पर ट्रक चालक से 30 हजार की लूट का खुलासा, एक गिरफ्तार; तीन की तलाश में छापेमारी तेज।
दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर ट्रक चालक से 30,000 रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

घटना 27 दिसंबर 2025 की रात करीब 1 बजे सिमरी पेट्रोल पंप के पास की बताई गई है। पीड़ित ट्रक चालक नीरज कुमार 21, पिता स्व. राजकुमार राय, निवासी लखन टोला, बिहटा (पटना) ने सिमरी थाना में आवेदन देकर बताया कि काले रंग की स्कॉर्पियो ने ट्रक को ओवरटेक कर रोका। इसके बाद स्कॉर्पियो से उतरे दो-तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने नीरज को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाया, पुलिस का साइन बोर्ड दिखाकर धमकाया और उसकी जेब से 30000रुपये नकद व मोबाइल फोन छीन लिया। बाद में उसे चलती गाड़ी से धक्का देकर गिरा दिया गया, जबकि मोबाइल को सड़क पर फेंक दिया गया।इसी दौरान ट्रक के खलासी लाल कुमार 23ने भाग रही स्कॉर्पियो BR-06-DJ-9913 की तस्वीर मोबाइल से खींच ली, जिसे जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना गया। उधर, डायल-112पर सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और वाहन का पीछा शुरू किया गया।सदर-2के एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पीछा करते-करते पुलिस टीम मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहजनडीह गांव तक पहुंची। वहां आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर एक मकान में घुस गए।

पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त सुजीत झा, पिता गुनेश्वर झा, निवासी सोहजनडीह (हथौड़ी) को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, इस कांड का मास्टरमाइंड प्रियांशु सरकार है और बरामद स्कॉर्पियो उसके नाम पर रजिस्टर्ड पाई गई है। वाहन से पुलिस का साइन बोर्ड, करणी सेना तथा एक राजनीतिक दल (राजद) के साइन बोर्ड बरामद किए गए हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कुल चार अपराधियों की संलिप्तता की पुष्टि की है।पुलिस ने बताया कि प्रियांशु सरकार उर्फ मोनू सिंह, पिता वीरेंद्र सिंह, मूल रूप से धनवाड़ा ग्राम पंचायत तेहवाड़ा, जिला मुजफ्फरपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके पिता बिहार पुलिस में अधिकारी रैंक से सेवानिवृत्त हैं। जानकारी के अनुसार प्रियांशु का वर्तमान ठिकाना मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगन्नाथ मोहल्ला में है, जहां उसकी तीन मंजिला इमारत बताई गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त सुजीत झा के अलावा फरार आरोपियों में प्रियांशु सरकार, यशवंत कुमार सिंह और रवि कुमार झा के नाम शामिल हैं। इस संबंध में सिमरी थाना में कांड संख्या [326/25] दर्ज किया गया है। एसडीपीओ ने दावा किया कि शेष तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द कर ली जाएगी

