
एनएच-27 पर दौड़ती XUV में लगी आग, बाल-बाल बचे चालक।
दरभंगा: दरभंगा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शुक्रवार को चलती XUV-500 कार में अचानक आग लग गई। घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग एहतियातन दूरी बनाए रहे।

जानकारी के अनुसार, मधुबनी के महुआ सराय निवासी चालक सुरेश ठाकुर अपनी भतीजी को दरभंगा एयरपोर्ट छोड़कर घर लौट रहे थे। दोपहर में दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप अचानक गाड़ी से धुआं निकलने लगा। सुरेश ठाकुर ने तत्काल वाहन रोककर बाहर निकल गए। इसी दौरान शॉर्ट-सर्किट से लगी आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

सुरेश ठाकुर ने बताया कि उस समय वह गाड़ी में अकेले थे। कोई अन्य सवारी या कीमती सामान मौजूद नहीं था, हालांकि कागजात व जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। खबर मिलते ही तीन छोटी दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया।

मंडल अग्निशमन पदाधिकारी चंद्र किशोर पासवान ने बताया कि घटना की सूचना हमें गृह मंत्री के जुलूस कार्यक्रम के दौरान मिली। भीड़भाड़ के बावजूद टीमें सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंचीं और तत्परता से आग बुझाई। घटना में कोई मानव क्षति नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

