
एनडीए जीती तो दरभंगा में या तो पेपर मिल चलेगी, या नया प्लांट लगेगा: संजय झा।
दरभंगा: जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने मंगलवार को बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र के लहेरियासराय स्थित पोलो मैदान में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए की सरकार बनने पर मिथिला और दरभंगा को उद्योग के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दरभंगा के अशोक पेपर मिल परिसर में या तो पेपर मिल को पुनः चालू किया जाएगा या फिर वहां नया उद्योग स्थापित किया जाएगा।
अगले पांच सालों में उद्योगों का जाल : झा
संजय झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार ने विकास को जमीन पर उतारा है और आने वाले पांच वर्षों में बिहार में उद्योगों का जाल बिछेगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा को प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट, एम्स और मिथिला को मखाना बोर्ड जैसी ऐतिहासिक सौगातें दी हैं।
उन्होंने कांग्रेस और राजद पर हमला करते हुए कहा कि इन दलों ने मिथिला को कलंकित करने का काम किया जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने इस क्षेत्र को गौरव दिलाया। झा ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में एनडीए 2010 का रिकॉर्ड भी तोड़ेगा।
केंद्र और राज्य सरकार से मिल रहा भरपूर सहयोग
जदयू नेता ने कहा कि बिहार की जनता विकास का स्वाद चख चुकी है और अब पीछे मुड़कर नहीं देखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
एनडीए नेताओं ने गिनाईं उपलब्धियां
केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहा है। केंद्र की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच रहा है।
नीरज सिंह बबलू ने कहा कि गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
समाज कल्याण मंत्री मदन साहनी ने कहा कि बहादुरपुर क्षेत्र में सैकड़ों विकास योजनाओं का काम पूरा कर लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि अब तक 50 लाख युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है और सरकार अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखती है।
नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने विपक्ष पर नकारात्मक राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि एनडीए जनता की सेवा और विकास की राजनीति करता है।
दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश तेज़ी से प्रगति कर रहा है और मिथिला क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रेलवे व हवाई संपर्क तेजी से विकसित हो रहे हैं।
विपक्ष पर जमकर हमला
संजय झा और अन्य वक्ताओं ने विपक्षी दलों की कार्यशैली और भाषा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता इसका जवाब देगी। झा ने कहा कि विपक्ष ने बिहार को अराजकता और पिछड़ेपन की ओर धकेला था, लेकिन अब जनता गुमराह नहीं होगी।
महिलाओं की बड़ी भागीदारी
सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। स्थानीय विधायक व मंत्री मदन साहनी के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई और पूरे मैदान में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला।
कई नेताओं ने रखा विचार
सम्मेलन को मंत्री हरी सहनी, विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, लोजपा (आर) के महासचिव शाहनवाज अहमद कैफी, हम के राष्ट्रीय महासचिव राजीव रंजन, भाजपा के जिला प्रभारी उमेश कुशवाहा, जदयू जिला अध्यक्ष ईश्वर मंडल, हम के जिला अध्यक्ष मनोज सदा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी पासवान व अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में जदयू विधानसभा प्रभारी हरिशंकर पासवान, पूर्व जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी, बहादुरपुर प्रखंड प्रमुख रूबी राज, भाजपा नेताओं समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

